Local & National News in Hindi

कांग्रेस ने पंजाब में किसानों को कैंसर दिया; डबल इंजन की सरकार इनकम के साधन देगी -मोदी

36

चंडीगढ़  पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी की पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया। पीएम ने सत श्री अकाल से संबोधन की शुरूआत की। इसके बाद पंजाबी में रैली से जुड़े लोगों का स्वागत किया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाकर पंजाब के किसानों को कैंसर दिया। इसके बजाय किसानों को आधुनिक कोल्ड स्टोरेज, फूड पार्क और फूड प्रोसेसिंग के साधन चाहिए। अपने उत्पाद के लिए बेहतर कनेक्टिविटी चाहिए। हमारी डबल इंजन की सरकार तेजी से इस पर काम करेगी। पंजाब के किसानों का खेती पर खर्च कम हो और इनकम बढ़े, उसे प्राथमिकता देंगे। छोटे किसानों के कल्याण के लिए बजट में फर्टिलाइजर सब्सिडी के लिए रिकॉर्ड राशि रखी है।

वन डिस्ट्रिक्ट- वन प्रोडक्ट के तहत पंजाब में औद्योगिक विकास करेंगे

पीएम ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट के तहत औद्योगिक केंद्रों का विकास करेगी। लुधियाना की टैक्स्टाइल सेक्टर को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए इंडस्ट्री को इंसेटिव दिया जाएगा। डबल इंजन की सरकार में तेजी से पंजाब का विकास होगा। कुछ लोग हमेशा सिख परंपरा के विरोध में नजर आएंगे जबकि भाजपा और एनडीए के साथी हमेशा इसके साथ खड़े रहे हैं। कुछ लोगों के लिए पंजाब सिर्फ और सिर्फ सत्ता का साधन रहा है। हमारे लिए गुरु परंपरा और पंजाबियों की सेवा और सत्कार की परंपरा को निभाने का माध्यम रहा है।

कांग्रेस ने सिखों का नरसंहार किया, हमने दोषियों को सजा दी

कुछ लोगों ने पंजाब पर राज करने के लिए क्या-क्या षड़यंत्र नहीं रचा। इन लोगों ने गुरुओं की धरती को आतंक की आग में झोका। हमने दुनिया भर में सिख आस्था को बढ़ाने के लिए ईमानदार प्रयास किए। कांग्रेस ने सिखों का नरसंहार किया। हमने नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाई। कांग्रेस करतारपुर को भी भारत में न रख सकी। हमने करतारपुर का रास्ता खोला। ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जो पंजाब के गुरुओं के मान-सम्मान में हमारी सच्ची नीयत को दिखाते हैं।

यह चुनाव सिर्फ एमएलए चुनने के लिए नहीं बल्कि बदलाव के लिए हैं। हमने 11 संकल्प लिए हैं। हम बॉर्डर एरिया का विकास करेंगे। अगले 5 साल में इन्फ्रा पर एक लाख करोड़ खर्च करेंगे। आतंकवाद पीड़ितों की सहायता के लिए आयोग का गठन करेंगे। हर गरीब को पक्का घर देंगे। केंद्र और राज्य मिलकर बेहतर तालमेल के साथ सीमा पार से आने वाले नशे और हथियार सप्लाई को रोकेंगे।

पंजाब की माताओं, बहनों और बेटियों से कहना चाहता हूं कि नशे की जिस समस्या ने आपके परिवार को तबाह किया है। आप परेशान हैं और पंजाब को जिस नशे से आजाद करवाना चाहती हैं। अपनी संतानों को दूर रखना चाहती हैं। पिछले चुनाव में जिन लोगों ने नशे के संबंध में भांति-भांति के भाषण किए और चुनाव समाप्त होते ही खो गए। वह फिर से मीठी बातें कर वोट मांग रहे हैं। उससे पंजाब को सतर्क रहना है। पीएम ने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस कैप्टन अमरिंदर सिंह का अपमान करने में लगी रही। इस रैली का लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब के 18 विधानसभा क्षेत्रों में लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा है। हर जगह बड़ी LED स्क्रीन लगाकर एक-एक हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। 5 जनवरी को पंजाब में पीएम की सुरक्षा चूक का मुद्दा उठा था। इसके बाद वह थोड़ी देर में दिल्ली से ही रैली को संबोधित करेंगे। 9 फरवरी को भी पीएम की वर्चुअल रैली होगी। जिसमें वह जालंधर, कपूरथला और बठिंडा लोकसभा की विधानसभा सीटों में संबोधित करेंगे।

शहरी सीटों वाले 6 जिलों में मोदी, शाह और नड्‌डा का प्रचार

भाजपा की रणनीति के मुताबिक बठिंडा, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, होशियारपुर और पटियाला में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की रैलियां होंगी। 11 फरवरी के बाद राजनीतिक रैलियों से रोक हट जाती है तो पीएम पंजाब आकर रैली को संबोधित करेंगे। इन सभी जिलों में शहरी सीटें हैं, जिन पर भाजपा फोकस कर रही है। पंजाब में भाजपा ज्यादातर शहरी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की सीटें कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की अकाली दल संयुक्त को दी गई हैं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.