पटना: बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से मंगलवार को पूर्व सांसद पप्पू यादव ने मुलाकात की। मुजफ्फरपुर में नूडल बनाने वाली एक फैक्ट्री में बायलर फटने से सात मजदूरों की मौत के मामले पर जन अधिकार पार्टी (जाप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने राज्य के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से मुलाकात की। उन्होंने बायलर ब्लास्ट कांड में शामिल सभी लोगों पर कानून कार्रवाई की मांग की। पप्पू यादव ने कहा पीड़ित परिवारों को सरकार की तरफ से कम से कम 10 लाख की सरकारी मदद की जाए। पप्पू ने कहा कि जन अधिकार पार्टी अपने पार्टी फंड से सभी मृतक आश्रितों को 25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
मृतकों की संख्या छिपा रही कंपनी
पप्पू यादव ने कहा कि बायलर पुराना था, इसका लाइसेंस भी खत्म हो गया था। फिर भी कंपनी मालिक बायलर को चला रहा था। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि इस कांड में मृतकों की संख्या को कंपनी छिपा रही है। घटना के तुरंत बाद लेबर रजिस्टर को गायब कर दिया गया। उन्होंने शाहनवाज से इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, जिससे कि मरने वालों के संख्या सही जानकारी मिल सके।
रविवार को मुजफ्फरपुर में हुआ था हादसा
बता दें कि दो दिन पहले रविवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में बेला इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-टू स्थित नूडल्स फैक्ट्री का बायलर फट गया था। यह हादसा अंशुल स्नैक्स एंड विवरेज प्रा.लि. का में हुआ था। सुबह-सुबह हुए हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। धमाका इतना जोरदार था कि करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में भूकंप की तरह झटका भी महसूस किया गया। दुर्घटना से आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियां ध्वस्त हो गईं तथा कई फैक्ट्रियों की दीवारें हिल गईं। हालांकि बायलर कैस फटा? यह स्पष्ट नहीं हो सका।