Local & National News in Hindi

दिल्ली में प्रदूषण से लोगों का जीना हुआ मुहाल, बारिश के बाद भी ‘गंभीर’ स्तर पर हवा

0 43

नई दिल्लीः राजधानी में प्रदूषण के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम और रात में हुई हल्की बारिश की वजह से लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन रविवार सुबह वायु की गणवत्ता गंभीर स्तर पर रही। आसमान में आज भी धुंध छायी रही। रविवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स(AQI) 486 रहा। आनंद विहार इलाके में जहां AQI 478 रिकॉर्ड किया गया तो वहीं विवेक विहार इलाके में यह आंकड़ा 483 हो गया। बवाना में यह आकड़ा 492 दर्ज किया गया। अशोक विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स 482 स्तर पर पहुंच गया। बता दें कि इससे पहले शनिवार सुबह तक वायु की गुणवत्ता बेहद खराब रही।

वायु की गुणवत्ता खराब होने के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कतें हुई। लोगों ने आंखों में जलन और सिर भारी होने की भी शिकायतें कीं। शाम को बारिश होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। कुछ समय के लिए दिल्ली की हवा में मामूली-सा सुधार हुआ। दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण को देखते हुए विद्यालयों में बच्चों को मास्क बांटे थे।

निगम निकायों के कर्मचारी प्रदूषण को कम करने के लिए पानी की छिड़काव करते, लगातार सड़कों से धूल को हटाने के लिए सफाई और अन्य उपाय करते हुए दिखाई दिए। प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों में 5 नवंबर तक छुट्टी की घोषणा की है तथा स्थिति खराब रहने पर इसे और बढ़ाया भी जा सकता है। वायु प्रदूषण को देखते हुए यहां 4 नवंबर से ऑड-ईवन योजना शुरू हो रही है, जो 15 नवंबर तक चलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.