Local & National News in Hindi

भारत में सोने की तस्करी करने वाले चीनी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

0 40

नई दिल्लीः राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक चीनी नागरिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वह ताइवान और हांगकांग के रास्ते भारत में सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के प्रमुख लोगों में शामिल हैं। उनके पास से 21 किलो से अधिक सोना भी बरामद किया गया। एक आधिकारिक बयान में गुरुवार को यह जानकारी दी गई।

डीआरआई ने एक बयान में बताया कि एक चीनी नागरिक और एक ताइवानी नागरिक सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच से लगता है कि भारत में तस्करी करने के मामले में दो अलग-अलग गिरोह शामिल हैं, जिनमें एक चीन का है और दूसरा ताइवान का। सोने को बर्तनों और अन्य घरेलू सामानों में छिपाकर लाया जा रहा है।

डीआरआई ने बताया कि तस्करी के जरिए लाया गया सोना करोल बाग में सुनारों को बेचा जाता है। उनकी भी जांच की जा रही है। इस मामले में डीआरआई अधिकारियों ने 21 अक्टूबर को दिल्ली में एक फ्लैट से 21 किलो सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत 7.62 करोड़ रुपये है।

अधिकारियों ने बताया कि फ्लैट से एक ताइवानी नागरिक और एक भारतीय को गिरफ्तार किया गया, जो वहां सोने की खेप लेने आये थे। इसके अलावा, चीनी नागरिक को सोमवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.