Local & National News in Hindi

UPPSC परीक्षा धांधली: सीएम योगी ने दी चेतावनी, अखिलेश ने की CBI जांच की मांग

0 44

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खेलने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा वर्ष 2017 से अब तक कराई गई परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

सीएम योगी ने कहा कि आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर सरकार ने कार्रवाई की है। लोक सेवा आयोग एक स्वायत्त संस्था है और राज्य सरकार उसके कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करती, लेकिन परीक्षाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी ना हो यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में आयोग में गलत लोगों की भर्ती हुई, जिसकी वजह से धांधली के प्रकरण सामने आ रहे हैं।

इस बीच, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा 2017 से अब तक हुई परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि साथ ही परीक्षा नियंत्रक के कार्यकाल की सभी परीक्षाएं निरस्त हो, घोटाले के दोषी सभी अधिकारी बर्खास्त किए जाएं तथा प्रिंटिंग प्रेस और अन्य संवेदनशील कार्य यूपीपीएससी के अधीन हो।

गौरतलब है कि, यूपीपीएससी की एलटी ग्रेड शिक्षकों के 10,768 पदों के लिए पिछले साल 29 जुलाई को हुई परीक्षा का पर्चा एक दिन पहले ही लीक होने के मामले में प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने आयोग की परीक्षा नियंत्रक अंजूलता कटियार को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ की जांच में अंजूलता की नकल माफिया के साथ साठगांठ का खुलासा हुआ है।

इस परीक्षा का प्रश्नपत्र कोलकाता के प्रिंटिंग प्रेस के मालिक कौशिक कुमार के प्रेस में होनी थी, जिसे पर्चा लीक करने के आरोप में पहले ही डिफॉल्टर घोषित किया जा चुका था। इस खुलासे के बाद आयोग ने पीसीएस, एसीएफ और आरएफओ मुख्य परीक्षाओं समेत कुल 10 परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Please Pay your remaining balance to remove this banner !
इस बैनर को हटाने के लिए कृपया अपनी शेष राशि का भुगतान करें !