यूक्रेन में फंसे बिहार के 13 स्टूडेंट्स पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। ये छात्र पहले दिल्ली और मुंबई पहुंचे फिर इन्हें पटना लाया गया। सुबह 9 बजे के करीब स्पाइस जेट की फ्लाइट से बिहार के कई जिलों के 7 छात्र सकुशल अपनी धरती पर वापस आए। इसके बाद एयर इंडिया की दूसरी फ्लाइट से मुंबई से 6 छात्रों को पटना एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद यहां से उन्हें घरों तक भेजने की व्यवस्था की गई। इन स्टूडेंट्स को रिसीव करने उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन और जल संसाधन मंत्री संजय झा भी पहुंचे थे। वापस आए स्टूडेंट ने कहा कि वहां की स्थिति काफी भयावह है। अभी भी हमारे कुछ साथी वहां फंसे हुए हैं। उन्होंने भारत सरकार का विदेश मंत्रालय का शुक्रिया अदा किया है।
इससे पहले यूक्रेन पर रूस के हमले के तीसरे दिन वहां फंसे 219 भारतीय छात्रों को लेकर एअर इंडिया का विमान AI-1943 शनिवार रात 8 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा। इसमें बिहार के भी करीब 12 बच्चे शामिल हैं। बच्चों के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर एक स्पेशल कॉरिडोर बनाया गया था। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सभी बच्चों का स्वागत किया। बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि एयरपोर्ट से निकले के बाद बिहार फाउंडेशन ने सभी बच्चों के ठहरने की उचित व्यवस्था की। आज सभी बच्चे बिहार लौटेंगे। रोमानिया के बुखारेस्ट से भी एअर इंडिया का एक और विमान 250 स्टूडेंट्स के साथ सुबह करीब 8 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा है। इसमें भी बिहार के बच्चे शामिल हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत स्टूडेंट्स की वापसी का यह अभियान जारी रहेगा।