औरंगाबाद। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से पूर्व एमएलसी (विधान पार्षद) रहे अनुज कुमार ने गुरुवार को लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की पार्टी राजद का हाथ थाम लिया। औरंगाबाद के अजरकबे हसौली में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मौजूदगी में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ली। इस अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। सदस्यता ग्रहण कराने के उपरांत तेजस्वी यादव ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर खूब बरसे और बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में आए परिणामों पर चर्चा की।
चार बजे रोक दी गई थी काउंटिंग
तेजस्वी यादव ने बताया कि अब जनता का राज आ गया है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के बाद डबल इंजन वाली सरकार के हाथ-पांव फूल गए थे। राजद सत्ता में आने वाली थी। मगर चार बजे ही काउंटिंग रोक दी गई। वोटों की गिनती पूरी नहीं की गई। तभी हम समझ गए थे कि दाल में कुछ काला है।
मात्र 12 हजार वोटों का था अंतर
उन्होंने कहा कि महागठबंधन को पूरे बिहार में एक करोड़ 56 लाख वोट मिले थे। डबल इंजन माने एडीए को एक करोड़ 56 लाख 12 हजार मत आए थे। अंतर मात्र 12 हजार वोटों का था। इससे जनता अंदाजा लगा चुकी है कि क्या हुआ और सत्ता कैसे आई? तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार कभी अपने बलबूते मुख्यमंत्री नहीं बने।
हवा-हवाई बातें करतें हैं सीएम नीतीश कुमार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हवा-हवाई बातें करते हैं, लेकिन हम उनकी तरह नहीं बोलते। हम रिसर्च करते हैं। अध्ययन करते हैं। हमने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पहली कैबिनेट की बैठक में ही दस लाख लोगों को नौकरी देने की बात कही थी। आज भी कह रहे हैं। उन्होंने भोजपुरी अंदाज में कहा कि बिहार में 40 में 39 एमपी एनडीए के हैं। एकोगो लौकते नैखे (एक भी नजर नहीं आते)। बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सबकी स्थिति बदहाल है। हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सीएम एक ही रट लगाते हैं कि हम काम करते हैं। जनता जान रही है कि क्या काम हो रहा है। लोग देख रहे हैं।