
सहरसा। लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के क्रम में शनिवार को सहरसा पहुंचे। उन्होंने कहा कि विगत बिहार का विकास नहीं होने के लिए सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेवार हैं। वे यहां लगभग 16 वर्षों से शासन कर रहे हैं। इतनी लंबी अवधि तक शासन करने के बाद भी नीतीश कुमार के पास राज्य में विकास के रूप में बताने के लिए कुछ नहीं है। वे आज भी अपने शासनकाल से पूर्व की कहानी बताकर ही काम चला रहे हैं। बिहार की जनता में उनके खिलाफ काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा उपचुनाव के दोनों सीटों से जदूय की हार होगी। तारापुर और कुशेश्वर के चुनाव परिणाम आने वाला है। कहा कि जदयू अर्थात नीतीश कुमार की पराजय से ही बिहार का जय-जय संभव है।कहा कि वे एक बार फिर जदयू को हराने में सफल होंगे। चिराग पासवान परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे
चिराग पासवान ने कहा कि रज्य सरकार के खिलाफ बिहार के लोगों में गुस्सा है। कहा किआशीर्वाद यात्रा में मिलने वाला जनता का आशीर्वाद मुझे यह यकीन करा रहा है कि आनेवाले समय में बिहार में लोजपा (रामविलास) का शासन होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सारी योजना फ्लाप साबित हो चुका है। लोजपा के शासन में आने के बाद सारी योजना की जांच कराई जाएगी। बिहार में लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दे सामने आ रहे हैं।
कहा कि बिहार के अस्पतालों में दवा नहीं है। डाक्टर नहीं है। शराबबंदी के बाद भी शराब हर जगह मिल रही है। रोजगार नहीं है। लोग पलायन कर रहे हैं। दूसरे प्रदेश में बिहार के लोग लाठियां खाने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार व जदयू की काफी आलोचना की। उसमें उन्होंने बिहार फस्र्ट- बिहारी फस्र्ट के सिद्धांत की वकालत की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सिमरीबख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संजय कुमार सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।