नई दिल्ली। देशभर में दिवाली के अलावा छठ की भी तैयारियां जोरों पर हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग इस त्योहार को धूम-धाम से बनाते हैं। वहीं भोजपुरी सिनेमा के बहुत से सितारे छठ के मौके पर अपने फैंस और संगीत प्रेमियों के लिए खास गाने भी रिलीज करते रहते हैं। इन दिनों भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और मशहूर सिंगर सोनू निगम के छठ के गाने ने धमाल मचा रखा है।
पवन सिंह और सोनू निगम के छठ गीत का नाम ‘चली भउजी हाली हाली’ है। इस गाने को इन दोनों मशहूर गायकों ने अपनी खूबसूरत आवाज में गाया है। वहीं मशहूर गायिका खूशबू जैन ने भी गाने में पवन सिंह और सोनू निगम का साथ दिया है। तीनों गायकों की आवाज में गाए ‘चली भउजी हाली हाली’ गाने को कई भोजपुरी संगीत प्रेमी और इन सिंगर्स के फैंस खूब पसंद कर रहे हैं
‘चली भउजी हाली हाली’ गाने में पवन सिंह और सोनू निगम ने छठ के त्योहार की खासियत को बयां किया है। वहीं इस गाने को पवन सिंह, सोनू निगम और अभिनेत्री हर्षिका पूनाचा पर फिल्माया गया है। गाने के अंदर उन्होंने सोनू निगम की पत्नी और पवन सिंह की भाभी का रोल अदा किया है। ‘चली भउजी हाली हाली’ गाने का निर्देशन रवि पंडित ने किया है, जबकि इस गाने के बोल अरुण बिहारी ने लिखे हैं।
‘चली भउजी हाली हाली’ गाने को सोमवार 1 नवंबर को यूट्यूब पर रिलीज किया गया है। रिलीज के बाद से छठ पर बना यह भोजपुरी गाना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पवन सिंह और सोनू निगम के फैंस उनके इस गाने को खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही दोनों सिंगर की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं। खबर बनाने तक ‘चली भउजी हाली हाली’ गाने को यूट्यूब पर 39 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है।
कुछ दिनों पहले ही सोनू निगम यूपी के अयोध्या गए थे। जहां से उन्होंने तस्वीरें भी शेयर की थीं। वहीं हाल ही में पवन सिंह ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें सोनू निगम बता रहे थे कि वह पवन सिंह से मिले हैं और उन्होंने गाना शूट किया है। भोजपुरी सीखने में पवन सिंह ने उनकी काफी मदद की।