पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने बिहार की दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के नतीजे आने के बाद विवादित बयान दिया है। रोहिणी ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का नाम लिए बिना शब्दों के तीर छोड़े हैं। उन्होंने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को लेकर हमला बोला है। रोहिणी ने ट्वीट में लिखा – ब्रजेश ठाकुर का यार विकास का राग अलाप रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से रोहिणी आचार्या ट्विटर पर एक्टिव हैं। वे अपने शायरना अंदाज में लगातार शासन-प्रशासन पर हमला बोल रही हैं।
(लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या के ट्वीट का स्क्रीनशॉट। साभार: ट्विटर।)
इससे पहले रोहिणी आचार्या ने भाई व बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को समर्थन करते हुए दो पंक्तियां लिखीं और उन्होंने सत्तापक्ष को जनादेश चोर बताया। जनादेश चोरी होने के डर को लेकर तारापुर और कुशेश्वरस्थान चुनाव के परिणाम आने से पहले उन्होंने शायरना अंदाज में एक ट्वीट किया था, जिसको लेकर वे खूब सुर्खियों में रही थीं। रोहिणी अपने विवादित बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहती हैं। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री व भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी पर कई बार शब्दों से हमले किए। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट को भी अपशब्द कहे थे
बिहार उप चुनाव के परिणाम आने के बाद से वे लगातार सत्तापक्ष के उम्मीदवार की जीत को लेकर जदयू को घेर रही हैं। उन्होंने जीत का कारण सिस्टम को बताया है। ब्रजेश ठाकुर से सत्ताधारी लोगों के संबंध को लेकर उन्होंने पिछले 24 घंटे में कई ट्वीट किए हैं। रोहिणी ने एंबुलेंस में शराब मिलने के मुद्दे को भी उठाया। एक ट्वीट में उन्होंने भाई तेजस्वी यादव की तुलना महाभारत के अर्जुन से की। मालूम हो कि आपत्तिजनक व अमर्यादित ट्वीट करने की वजह से उनके ट्विटर अकाउंट को कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। बाद में ट्विटर ने अकाउंट को अनलॉक कर दिया।