लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक मंदिर में 2 साधुओं की हत्या को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट के जरिए योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। गांधी ने पहले ट्वीट में लिखा कि ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है।

जानकारी मुताबिक प्रियंका गांधी ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है कि अप्रैल के पहले 15 दिनों में ही उत्तर प्रदेश में 100 लोगों की हत्या हो गई। 3 दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ। आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे 2 साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।
उल्लखनीय है कि बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली के गांव पगोना में स्थित शिव मंदिर पर पिछले करीब 10 वर्षों से साधु जगनदास उम्र (55) वर्ष और सेवादास (35) रहते थे। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना में लीन रहते थे। सोमवार की देर रात मंदिर परिसर में ही दोनों साधुओं की धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.