Local & National News in Hindi

बहादुर बेटी- पहले कैंसर को दी मात, अब कोरोना से जंग जीती 4 साल की मासूम

46

एक चार की बच्ची ने कोरोना वायरस को हराया और ठीक होकर अब अपने घर वापिस लौट आई है। दुबई में रहने वाली भारतीय बच्ची सिवानी को पिछले दिनों कोरोना होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। करीब 20 दिन कोरोना से लड़ते हुए सिवानी ने वायरस को हराया और डिस्चार्ज होकर अब घर लौट आई है। सिवानी इससे पहले कैंसर से भी लड़ चुकी है। सिवानी को अपनी मां से कोरोना हुआ था, जो कि एक फ्रंट लाइन स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता हैं। सिवानी की मां मार्च में बीमार हुई थीं। सिवानी और उसके पिता दोनों में कोई भी लक्षण नहीं होने के बावजूद उनका कोरोना टेस्ट किया गया। सिवानी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया जबकि उसके पिता का नेगेटिव।

सिवानी को लेकर परिवार वाले ज्यादा चिंता में थे क्योंकि पिछले साल उसे किडनी कैंसर हो गया था, इसे गैंगलियोन न्यूरोब्लास्टोमा कहा जाता है। तब सिवानी ने बड़ी हिम्मत से कैंसर को भी हराया था। वहीं अब वह कोरोना पॉजिटिव हुई तो डॉक्टरों ने कैंसर सर्वाइवर सिवानी के लिए ज्यादा सावधानी बरती और उसका काफी ख्याल रखा गया। सिवानी का इलाज अल फुतैतिम हेल्थ हब के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर अल बाज की निगरानी में हुआ।

अल बाज ने बताया कि कीमोथेरेपी सेशन से सिवानी का इम्यून सिस्टम कमजोर था, डॉक्टर चिंतित थे क्योंकि उन्हें डर था कि उसमें बीमारी का गंभीर रूप विकसित होने का खतरा अधिक था। ऐसे में सिवानी की ज्यादा केयर की गई। लेकिन सिवानी ने भी हिम्मत दिखाई और कोरोना का उस पर ज्यादा प्रभाव नहीं हुआ। दो बार टेस्ट नेगेटिव आने के बाद भी सिवानी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। उसके कुछ दिन बाद उसे छुट्टी दी गई। हालांकि घर पर भी सिवानी 14 दिन तक क्वारंटाइन में रहेगी। अभी सिवानी की मां अस्पताल में ही हैं, हालांकि वह स्वस्थ हैं और जल्दी ही उनको भी अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.