Bina Refinery Event: बीना रिफाइनरी के कार्यक्रम में भारी बदइंतजामी, घंटों इंतजार के बाद परोसा गया हल्का नाश्ता; स्थानीय नेताओं में आक्रोश
बीना: बीना रिफाइनरी द्वारा खुरई रोड पर स्थित एक निजी गार्डन में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह पूरी तरह अव्यवस्था का शिकार हो गया. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न किए जाने से भारी नाराजगी देखने को मिली. आमंत्रण न मिलने के कारण क्षेत्रीय विधायक, जनपद व नगरपालिका अध्यक्ष, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके.
भूखे-प्यासे घंटों इंतजार करते रहे छात्र और अभिभावक
सबसे चिंताजनक स्थिति यह रही कि सम्मान के लिए आए छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक कई घंटे भूखे-प्यासे कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार करते रहे. काफी मान-मनोबल के बाद सांसद लता वानखेड़े के पहुंचने पर ही कार्यक्रम किसी तरह संपन्न हो सका. रिफाइनरी प्रबंधन को 8 महीने बाद होश आया कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना है.
खाने में केवल चिप्स, नमकीन, बिस्कुट
इस पूरे घटनाक्रम से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिला. अभिभावक पन्नालाल बंसल ने रिफाइनरी प्रबंधन की लापरवाही और असंवेदनशील रवैये पर सवाल खड़े किए. उन्होंने बताया कि, ”गांव से सुबह 8 बजे निकले थे और शहर से दूर कार्यक्रम था. यहां बच्चों को सुबह 10 बजे बुलाया था. कार्यक्रम के दो घंटे बाद बच्चों को खाने के लिए केवल चिप्स, नमकीन, बिस्कुट टॉफी ही दी है जो पर्याप्त नहीं था.”
परीक्षा के चलते कई छात्र नहीं पहुंचे कार्यक्रम में
छात्र रितिक लोधी ने बताया कि, ”वार्षिक परीक्षा के ऐन वक्त पर सम्मान रखा गया है. जिसमें कई विद्यार्थी ऐसे थे, जिनके परिजन कार्यक्रम में आए थे, विद्यार्थी कॉलेज में पहुंच चुके हैं और उनकी परीक्षा चल रही है.” स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा पहली बार नहीं की गई है. पूर्व में भी कई अवसरों पर ऐसी कार्यप्रणाली सामने आई है, जिसमें सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच रिफाइनरी प्रबंधन के कार्यक्रमों को लेकर मनमुटाव की स्थिति बनती रही है.
वहीं रिफाइनरी द्वारा कोई भी कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो मीडिया से दूरी बनाई जाती है. प्रबंधन की इस कार्यशैली ने एक बार फिर जनभावनाओं को आहत किया है और सार्वजनिक कार्यक्रमों की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
विधायक, नपाध्यक्ष ने कहा-रिफाइनरी प्रबंधन ने नहीं बुलाया
इस संबंध में जब बीना विधायक निर्मला सप्रे से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि, ”रिफाइनरी ने कोई आमंत्रण नहीं दिया है.” वहीं नपाध्यक्ष लता सकवार ने कहा कि, ”कार्यक्रम से संबंधित रिफाइनरी ने कोई सूचना नहीं दी है.” जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा राय ने बताया कि, ”उन्हें शुक्रवार की रात 9:30 बजे आमंत्रण भेजा गया था.”
515 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
बीना रिफाइनरी प्रबंधक केपी मिश्रा ने बताया कि, ”515 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि दी गई है.” वहीं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के सवाल के जवाब में उन्होंने बडे़ कार्यक्रम में थोड़ी अव्यवस्था को जायज ठहराया.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.