Gwalior Trade Fair 2026: ग्वालियर मेले में रिकॉर्ड तोड़ कारोबार, 45 दिनों में ₹2392 करोड़ की बिक्री; जानें पिछले साल का आंकड़ा
ग्वालियर। चालू साल 2026 में ग्वालियर व्यापार मेले में अब तक के आंकड़े रिकार्ड कारोबार की ओर इशारा कर रहे हैं। मेले के 45 दिन पूरे हो चुके हैं और इस अवधि में कुल 2392 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया जा चुका है। मेले के समापन में अभी 18 दिन शेष हैं, ऐसे में पूरी संभावना है कि यह मेला पिछले साल के 3327 करोड़ रुपये के रिकार्ड को पीछे छोड़ देगा। 25 दिसंबर से शुरू हुआ मेला 25 फरवरी तक चलेगा।
मेले में आटोमोबाइल सेक्टर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। अब तक केवल वाहनों की बिक्री से ही 1418.53 करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है। कारोबारियों के अनुसार रोड टैक्स में छूट का सीधा असर बिक्री पर पड़ा है। इस साल वाहनों पर टैक्स छूट 19 जनवरी से लागू हुई, जबकि पिछले वर्ष यह सुविधा 14 जनवरी से शुरू हो गई थी, इसके बावजूद बिक्री के आंकड़े ज्यादा मजबूत रहे।
15 हजार से अधिक वाहन बिके, कारों की रही सबसे ज्यादा मांग
मेले में अब तक कुल 15,646 वाहन बिक चुके हैं। इनमें कारों की मांग सबसे अधिक रही। अब तक 9,064 कारें और 6,582 दोपहिया वाहन की बिक्री हो चुकी है। लगातार बढ़ती बुकिंग को देखते हुए कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
व्यापार के साथ मनोरंजन का भी बड़ा केंद्र मेला
मेला अब सिर्फ व्यापार का ही नहीं, बल्कि मनोरंजन, खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुका है। रोजाना लाखों की संख्या में लोग मेला पहुंच रहे हैं। झूले, खेल-तमाशे, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं।
किस सेक्टर में कितना हुआ कारोबार
सेक्टर – कारोबार
आटोमोबाइल – 1418.53 करोड़
इलेक्ट्रानिक्स – 188 करोड़
फर्नीचर – 199 करोड़
खानपान – 176 करोड़
झूला एवं खेल-तमाशा – 122.50 करोड़
जनरल व अन्य सेक्टर – 288 करोड़
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.