Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा में तीन ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत, टक्कर के बाद लगी आग; एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत
जांजगीर-चांपा: जिले के कोटगढ़ इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. अकलतरा–बलौदा मेन रोड पर तीन तेज़ रफ्तार ट्रेलरों के बीच ज़बरदस्त भिड़ंत हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक में तुरंत आग लग गई. इस हादसे में एक ड्राइवर की मौत हो गई.
धमाके से दहले ग्रामीण
हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ. टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए. मौके पर देखा कि तीनों ट्रक आपस में भिड़े हुए थे और एक ट्रक से तेज धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं.
आग की चपेट में आए चालक
हादसे के बाद एक ट्रक चालक कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा. दो चालक ट्रकों में फंस गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे. ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए एक चालक को आग लगने से पहले सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन तीसरे ट्रक का ड्राइवर सीट में बुरी तरह फंसा हुआ था. आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग इतनी भयानक थी कि ट्रकों में लोहे के ढांचे के अलावा कुछ भी नहीं बचा. वहीं हादसे में घायल दोनों ट्रक चालकों को अकलतरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस जांच में जुटी
अकलतरा पुलिस ट्रकों की जानकारी जुटा रही है. ट्रक कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे. मृत चालक की पहचान, हादसे के कारण इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
साल 2025 में भी सड़क हादसे बने चिंता का विषय
जांजगीर-चांपा जिला वर्ष 2025 में सड़क हादसों के कारण लगातार चर्चा में रहा. पूरे साल में जिले में 427 सड़क दुर्घटनाएं हुईं. इन हादसों में 197 लोगों की मौत हुई, जबकि 230 लोग घायल हुए.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.