Dhanbad News: धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों का दावा- मांगी गई 15 लाख की फिरौती
धनबाद: जिले में एक लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है. वे धनबाद जिले के सदर थाना क्षेत्र के बाबूडीह खटाल के रहने वाले हैं. उनका अचानक संपर्क टूटने के बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि अमित कुमार के मोबाइल फोन से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
शनिवार सुबह घर से निकला था लोन रिकवरी एजेंट
परिजनों के मुताबिक अमित कुमार, पीएनबी बैंक से जुड़े लोन रिकवरी कार्य में संलग्न थे. शनिवार सुबह करीब 11 बजे वे घर से यह कहकर निकले थे कि किसी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं और लौटने में देर हो सकती है. दोपहर करीब 2 बजे जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं उठा. कुछ देर बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल रिसीव कर यह दावा किया कि अमित उसके कब्जे में है और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. घटना को लेकर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी.
मामले में सक्रिय हुई पुलिस
मामले की जानकारी मिलते ही धनबाद पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की. परिजनों के मुताबिक, पुलिस के अनुसार शुरुआती लोकेशन गोविंदपुर ऊपर बाजार की मिली है, इसके बाद सरायढेला थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सिटी के आसपास कई घंटों तक फोन ऑन रहा. बाद में सूचना मिली कि मोबाइल फोन डांगी मोड़ के समीप फेंक दिया गया है.
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
थाना प्रभारी मनोज पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूर्य हाइलैंड सिटी पहुंचकर जांच पड़ताल की. जानकारी के अनुसार विकास खंडेलवाल नामक शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि उस पर करीब एक करोड़ रुपये का लोन बकाया है. परिजनों के मुताबिक, अमित कुमार से लोन सेटलमेंट को लेकर उसकी बातचीत चल रही थी. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है. वहीं अमित के परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहद चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं.
मामले की जांच पड़ताल चल रही है और जल्द ही मामले में पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी: नौशाद आलम, डीएसपी, विधि व्यवस्था
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.