Local & National News in Hindi

मिहिजाम का सिरदर्द: गंदगी के ढेर और प्रदूषण के बीच कैसे होगा नगर परिषद चुनाव? जानें क्या है इस बार जनता का मिजाज

12

जामताड़ा: नगर परिषद चुनाव को लेकर जामताड़ा के मिहिजाम में सरगर्मी बढ़ गई है. जनता में चुनाव को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है. साथ ही चुनाव में लोगों की अलग-अलग समस्या भी है. वहीं वार्ड की जनता को समस्याओं से जूझना भी पड़ रहा है.

मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड का हाल बेहाल

जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड परिषद के चुनाव को लेकर सरगर्मी काफी तेज हो गई है. चुनाव चिन्ह आवंटित होते ही प्रत्याशी अपने चुनाव प्रचार एवं जनसंपर्क अभियान में बिजी हो गए हैं लेकिन वार्ड की जनता को उनकी समस्याओं से जूझना पड़ता है. वार्ड का हाल जानने के लिए ईटीवी भारत की टीम ने जमीनी हकीकत जानने के लिए मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड 20, 19, 18 और 17 का हाल जाना.

जमीनी हकीकत समझने पर पता चला कि परिषद के 4 वार्डों की हालत अच्छी नहीं है. लोग प्रदूषण, पेयजल समस्या, गंदगी, नाली, सड़क जैसे बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं. इधर, गंदगी और प्रदूषण से वातावरण तो प्रदूषित हो ही रहा है, लोग प्रदूषण के शिकार भी हो रहे हैं.

वार्ड नंबर 20

वार्ड नंबर 20 की जमीनी हकीकत वहां की जनता और प्रत्याशियों से जानने की कोशिश की तो पता चला कि वहां हालात काफी दयनीय थे. वार्ड 20 के कल कारखाने से प्रदूषण फैल रहा है, जिसके शिकार स्थानीय लोग हो रहे हैं. स्थानीय लोग बताते हैं यहां प्रदूषण की काफी बड़ी समस्या है. प्रदूषण से जीना बेहाल हो रहा है. प्रदूषण का शिकार होना पड़ता है और बीमारी होने की भी संभावना बनी रहती है. साथ ही गंदगी एवं पेजयल की समस्या बरकरार है.

वार्ड नंबर 19

वार्ड नंबर 19 में भी कमोबेश वही स्थिती थी, जो वार्ड 20 की है. वार्ड 19 में नाली, सड़क, गंदगी जैसी समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि यहां पर नाली की समस्या है. नाली नहीं रहने से गंदा पानी सड़क पर बहता है. बारिश के समय में स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है. वार्ड 19 में लोगों की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय बना है लेकिन वह जनता के लिए आज तक नहीं खुला है.

वार्ड नंबर 17 और 18

वार्ड नंबर 17 और 18 में भी हाल कुछ अच्छे नहीं हैं. यहां भी लोगों को पानी की समस्या और गंदगी से जूझना पड़ रहा है. वार्ड नंबर 17 में जल जमाव की स्थिति बनी रहती है. कचरा फेंकने के लिए ठीक से व्यवस्था नहीं है. क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप लगातार रहता है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी सप्लाई कभी कभार होती है. इलाके में साफ सफाई की विकट समस्या है.

मिहिजाम नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद बनने के लिए प्रत्याशी दिन रात एक कर रहे हैं जबकि दूसरी ओर वार्ड की जनता मौजूदा हालात से परेशान हैं और अच्छे प्रत्याशी को जिताने का मन बना चुके हैं. अब देखना होगा कि नगर की सरकार उनकी समस्या को निजात दिलाने में कितनी सफल हो पाती है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.