Local & National News in Hindi

Manipur Violence: मणिपुर के उखरुल में फिर भड़की हिंसा, 50 से ज्यादा घर फूंके; पूरे जिले में 5 दिन के लिए इंटरनेट बंद

40

मणिपुर के उखरुल जिले में तांगखुल नगा समुदाय के एक सदस्य पर कथित हमले को लेकर भड़की हिंसा में मंगलवार सुबह खाली पड़े कुछ मकानों में आग लगा दी गई और गोलीबारी की गई. हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने जिले में पांच दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं. पुलिस के मुताबिक, लिटान सारेइखोंग इलाके में हुई गोलीबारी और आगजनी की यह घटना एक दिन पहले दो तांगखुल नगा संगठनों की तरफ से उखरुल और कामजोंग जिलों में कुकी समुदाय की आवाजाही पर पाबंदी लगाए जाने के बाद सामने हुई.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सशस्त्र लोगों ने लिटान सारेइखोंग में खाली पड़े कुछ मकानों में आग लगा दी और गोलीबारी की. स्थिति तनावपूर्ण है और सुरक्षा बल हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मणिपुर सरकार ने एहतियाती और निवारक उपाय के तहत उखरुल जिले के राजस्व क्षेत्र में ब्रॉडबैंड, वीपीएन और वी-सैट से चलने वाली इंटरनेट सेवाओं को पांच दिन के लिए निलंबित करने का आदेश दिया है.

सुरक्षा बलों पर जताई नाराजगी

अपने घरों को छोड़ कर भाग रहे स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गोलीबारी रोकने में कथित विफलता को लेकर सुरक्षा बलों पर नाराजगी जताई. सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में पहाड़ी इलाके में घना धुआं फैलता हुआ दिखाई दे रहा है. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिन से लिटान सारेइखोंग और आसपास के कुकी बहुल गांवों से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सैकड़ों कुकी और तांगखुल नगा ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई ग्रामीणों ने कुकी बहुल कांगपोकपी जिले के मोटबुंग और सैकुल के कुछ हिस्सों में शरण ली है.

सुरक्षा बलों को किया गया है तैनात

मणिपुर के मंत्री गोविंदास कोंथौजाम ने सोमवार को कहा था कि कम से कम 21 मकान जलाए जा चुके हैं और स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. इस बीच, लिटान थाना क्षेत्र के अंतर्गत लामलाई चिंगफेई कुकी गांव में ट्रक खराब हो जाने के कारण फंसे दो चालकों को सोमवार को सुरक्षित निकाल लिया गया.

तांगखुल नगा संगठनों कथो लोंग और कथो कातम्नाओ लोंग ने उखरुल और उससे सटे कामजोंग जिले में कुकी समुदाय की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.

Please Pay your remaining balance to remove this banner !
इस बैनर को हटाने के लिए कृपया अपनी शेष राशि का भुगतान करें !