Local & National News in Hindi

लाल किला हिंसा: करनाल से दीप सिद्धू गिरफ्तार, बिहार भागने की फिराक में था

61

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किला पर झंडा फहराने के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (स्पेशल सेल) संजीव कुमार यादव ने बताया कि दक्षिण पश्चिम रेंज की टीम ने 26 जनवरी के बाद से फरार सिद्धू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दीप को करनाल से गिरफ्तार किया है। सिद्धू करनाल से बिहार के पुर्णिया भागने की फिराक में था। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सिद्धू की गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपए का इनाम रखा था।

केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की किसान संगठनों की मांग को लेकर 26 जनवरी को किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकाली थी और इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़पें हुई थीं।

बहुत से प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किले तक पहुंच गए थे और उन्होंने वहां प्राचीर पर एक धार्मिक झंडा और किसानों का झंडा लगा दिया था। लाल किले पर हुई हिंसा के बाद दीप सिद्धू का नाम सामने आया था कि उसने किसानों को भड़काने की कोशिश की। तब से दिल्ली पुलिस दीप सिद्धू की तलाश कर रही थी।

बता दें कि इसी बीच दीप सिद्धू ने कई बार फेसबुक पर लाइव होकर खुद को बेगुनाह बताया था और कहा था कि उसे फंसाया जा रहा है। सिद्धू ने किसान नेताओं पर कहा था कि अगर वह पकड़ा गया तो कईयों के राज सामने आएंगे।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.