
मोतिहारी। प्यार का गणित भी अजीब है। इसमें कभी भी दो और दो का जोड़ चार नहीं होता। कभी पांच तो कभी शून्य होकर रह जाता है। सच तो यह है कि जब किसी को प्यार हो जाता है तो उसे इस तरह के गुणा-गणित की बात समझ में ही कहां आती है? पूर्वी चंपारण जिलेे के हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उसकी शादी सफल नहीं हो सकी। इस बीच ससुराल के ही दूसरे युवक से उसकी नजदीकी बढ़ी और वह सबकुछ छोड़कर उसके पास चली गई, लेकिन किस्मत की विडंबना देखिए, उसने भी इस्तेमाल ही किया। जब जी भर गया तो किसी और से शादी कर ली। पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। उसे अब समझ नहीं आ रहा कि करे तो क्या? जाए तो कहां?
पति से अलग हो गई थी महिला
मोतिहारी के महिला थाना में शादी का प्रलोभन देकर महिला का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। जहां पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कहा है कि उसकी शादी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फुर्सतपुर निवासी जगदीश सहनी के साथ हुई थी, किंतु पति का व्यवहार ठीक नहीं था। बात-बात पर शक करना उसकी आदत थी। अपनी बात मनवाने के लिए किसी भी हद तक चला जाता था। इसलिए यह संबंध नहीं चल सका। आपसी समझौता के बाद वह पति से अलग हो गई।

ससुराल के दूसरे युवक से हुआ प्यार
इस बीच वर्ष 2017 में उसी गांव के लखन कुमार ने नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दी। वेवजह तारीफें शुरू कर दी। हमेशा आसपास रहने लगा। उसने खराब पारिवारिक स्थिति का फायदा उठाते हुए शादी का प्रलोभन दिया। वह भी परेशान थी और उसके करीब होती चली गई। जब उसके प्रेमजाल में पूरी तरह से फंस गई तो वह गांव से मोतिहारी ले आया। वहां बिना शादी किए ही दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी शादी करने का दबाव देती तो वह टाल जाता था। विगत 12 नवंबर को उसने मारपीट कर निकाल दिया। 29 नवंबर को दूसरी जगह शादी कर ली। अब वह कहां जाए, यह सबसे बड़ा सवाल है। पति से रिश्ता तोड़ चुकी है तो ससुराल जा नहीं सकती। मायकेवालों की इच्छा के खिलाफ जाकर लखन कुमार को चुना था।