पूर्णिया: मां-बाप के घर से निकालने के बाद कम उम्र में ड्रग माफिया बना विक्की, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे

पूर्णियाः बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले विक्की को पुलिस ने काफी मुशक्कत के बाद गिरफ्तार किया। विक्की उर्फ फजला पर आरोप है कि वह बिहार सहित और भी कई राज्यों में ड्रग्स व शराब की सप्लाई करता था। हर बार वह पुलिस के चंगुल से बच जाता था लेकिन अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, विक्की ऐसा क्यों बना उसके पीछे भी एक कारण है। विक्की बचपन से ही काफी शरारती और पढ़ाई में नालायक था। उसके घर रोज ही नई शिकायतों का डेरा लगा रहता था जिसके कारण उसके माता पिता उससे बहुत परेशान थे। इस सबसे तंग आकर एक दिन बचपन में ही उसके माता पिता ने उसे घर से निकाल दिया, लेकिन पास में ही रहते उसके मामा ने उसे आसरा दिया और उसे प्यार से पाल कर बड़ा किया। बड़ा होने के बाद भी विक्की कभी सुधरा नहीं बल्कि और बिगड़ गया, अब वह आस-पड़ोस के लड़कों के साथ झगड़े व मारपीट करने लगा। ऐसे में वह इतना बिगड़ गया कि उसे शराब व अन्य नशों की लत भी लग गई।
इसी क्रम में वहां रहने वाले लोगों ने बताया कि विक्की ऑटो भी चलाया करता था और ऑटो के जरिए ही वह नशीले पदार्थ बिहार में बेचता था। नशे बेचने के दौरान उसने अपनी एक टीम भी बना ली और खुद उस टीम का सरगना बन गया। वह कभी सिल्लीगुड़ी तो कभी बंगाल में ड्रग्स, स्मैक सप्लाई किया करता था, इस धंधे से विक्की ने इतने पैसे कमा लिए कि वह लखपति बन गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार छापेमारियां की लेकिन वह हर बार बचकर निकल जाता था।