Local & National News in Hindi

वर्ल्ड कप फाइनल विवाद के बाद ओवरथ्रो नियम की समीक्षा करेगी MCC

0 329

लंदन। क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप फाइनल में हुए विवाद के बाद अब ओवरथ्रो नियम की समीक्षा करेगी।

संडे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार एमसीसी का मानना है कि ओवरथ्रो नियम की समीक्षा करने का समय आ गया है और अब जब भी क्रिकेट के नियमों की समीक्षा की जाएगी तो उसमें ओवरथ्रो का नियम अवश्य रहेगा। एमसीसी की नियमों की उप समिति नियमों की समीक्षा करती है।

ओवरथ्रो का नियम तब सुर्खियों में आया जब वर्ल्ड कप फाइनल के अंतिम क्षणों में न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल के थ्रो पर गेंद रन दौड़ रहे बल्लेबाज बेन स्टोक्स के बैट से टकराकर बाउंड्री के बाहर चला गया था और मेजबान टीम को ओवरथ्रो के चार रन मिल गए थे। अंपायर कुमार धर्मसेना और मरायस इरासमस ने गलती से कुछ 6 रन दे दिए थे जबकि गप्टिल के थ्रो के वक्त स्टोक्स और आदिल रशीद ने एक-दूसरे को क्रॉस नहीं किया था। स्टोक्स ने तुरंत ही दोनों हाथ खड़ेकर कीवी कप्तान केन विलियम्सन से माफी मांग ली थी। इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेटर जेम्स एंडरसन ने बाद में खुलासा किया था कि स्टोक्स ने अंपायर से यह चार रन प्रदान नहीं करने का भी आग्रह किया था लेकिन नियमों के चलते अंपायर ने ऐसा नहीं किया था।

इंग्लैंड को उस समय 3 गेंदों में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे और इन 6 रनों की वजह से उसे शेष बची दो गेंदों पर जीत के लिए 3 रन बनाने थे। यह मैच टाई हो गया था और इसके बाद सुपर ओवर में भी स्कोर बराबर रहा। इसके बाद विजेता टीम का फैसला बाउंड्री काउंट के जरिए हुआ था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Please Pay your remaining balance to remove this banner !
इस बैनर को हटाने के लिए कृपया अपनी शेष राशि का भुगतान करें !