Local & National News in Hindi

GST परिषद की अहम बैठक शुरू, इलेक्ट्रिक वाहनों पर घट सकता है टैक्स

0 37

नई दिल्लीः वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आज जीएसटी परिषद की 36वीं बैठक शुरू हो गई है जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैक्स में कमी के प्रस्ताव पर निर्णय किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में सौर ऊर्जा उत्पादक प्रणालियों एवं विंड टर्बाइन परियोजनाओं पर जीएसटी लगाए जाने के बाबत उनमें वस्तुओं और सेवाओं के मूल्यांकन के विषय में भी फैसला किया जाएगा। बता दें कि पहले यह बैठक 25 जुलाई को होनी थी लेकिन राज्यसभा में वित्त मंत्री की व्यस्तता के चलते बैठक टाल दी गई थी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी बैठक
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में यह जीएसटी परिषद की दूसरी बैठक और आम बजट के बाद पहली बैठक होगी। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चल रही है। परिषद ने पिछले महीने आयोजित अपनी बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों, इलेक्ट्रिक चार्जरों एवं ई-वाहन किराए पर लेने पर जीएसटी लगाने से जुड़े मुद्दे को अधिकारियों की समिति को भेज दिया था। अधिकारियों ने बताया कि अधिकारियों की समिति की सिफारिशों को परिषद के समक्ष रखे जाने की संभावना है।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर होगा विचार
ई-वाहनों के घरेलू स्तर पर विनिर्माण को बढ़ावा देने को केंद्र ने जीएसटी की दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की सिफारिश की है। पेट्रोल और डीजल कारों एवं हाइब्रिड वाहनों पर जीएसटी की दर पहले से 28 प्रतिशत पर है। साथ ही इन पर उपकर भी लिया जाता है। परिषद सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए कर ढांचे पर भी विचार करेगी। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मई में जीएसटी परिषद को कर ढांचे पर फिर से विचार करने को कहा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.