Local & National News in Hindi

बस्तर संभाग में 26 से 28 तक होगी व्यापक बारिश

21

रायपुर। मानसूनी तंत्र के और मजबूत होने के कारण 26 से 28 सितंबर तक बस्तर संभाग में व्यापक बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके साथ ही गुरुवार 23 सितंबर को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। अधिकतम तापमान में हालांकि विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का रुख अभी इस प्रकार से बना रहेगा। पिछले कुछ दिनों से हुई बारिश के चलते अब प्रदेश में जलाशयों की स्थिति भी ठीक हो गई है।

सुबह से बदली, दोपहर को तेज बारिश

मानसूनी तंत्र के प्रभाव से बुधवार सुबह से ही राजधानी सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे। साथ ही आंशिक रूप से धूप भी निकली। दोपहर बारह बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव हुआ और रायपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेज बारिश भी हुई। करीब आधे घंटे की तेज बारिश में कुछ क्षेत्रों में जलभराव भी हो गया। इसके बाद भी हालांकि रुक रुक कर बारिश होती रही। इसकी वजह से मौसम भी खुशनुमा रहा।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पूर्व झारखंड और उसके आसपास है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा 5.8 किमी ऊंचाई तक है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व झारखंड के ऊपर स्थित निम्न दाब के केंद्र से तेलंगाना तक 1.5 किमी से 3.1 किमी ऊंचाई तक है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से गुरुवार 23 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.