
गोपालगंज। गोपालगंज के बरौली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक शख्स को अब अपनी जिंदगी से नफरत हो गई है। शराब के नशे में एक साल पहले उसने ऐसी हरकत कर दी थी, जिसका पछतावा उसे इस मुकाम तक ले आया है। अपने घिनौने जुर्म के कारण वह फिलहाल गोपालगंज जेल में बंद है। जेल के अंदर ही उसने खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की, हालांकि जेल प्रशासन ने उसे समय रहते इलाज उपलब्ध कराया। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है। कैदी का कहना है कि अब वह जीना ही नहीं चाहता है। हम आपको यह भी बताएंगे कि इस कैदी ने ऐसा कौन सा काम कर दिया था। इससे आपको यह भी पता चल जाएगा कि शराब कितनी बुरी चीज है।
पत्नी की जगह पर सोई थी बेटी
गोपालगंज जेल में बंद इस कैदी ने अपने जुर्म के लिए अपनी ही पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था। उसपर अपनी ही बेटी से दुष्कर्म का आरोप है। बताया जाता है कि बरौली थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति ने करीब एक साल पहले अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया था। तब इस शख्स ने कहा था कि इसमें उसकी पत्नी की गलती है। उसने ही खुद की जगह बेटी को सुला दिया था। शराब के नशे में होने के कारण उसे इस बात का अंदाजा नहीं रहा कि सामने सोई उसकी बेटी है।

सदर अस्पताल में कराया गया है भर्ती
इस मामले में बरौली थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। जेल में बंद कैदी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इस दौरान कैदी ने धारदार हथियार से अपना गला रेत दिया। जख्मी हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल प्रशासन अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर रहा है।