नई दिल्ली : भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में युवा बल्लेबाज संजू सैमसन के चयन से काफी खुश हैं। गंभीर ने संजू से कहा है कि यह उनका मौका है जिसे संजू को दोनों हाथों से भुनाना चाहिए। गंभीर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘संजू सैमसन द्वारा यह शानदार और सही मायने में गैप में खेला गया शॉट। टी-20 टीम में चुने जाने पर बधाई हो। हल्के हाथ, फुर्तीले कदम और उम्मीद है कि संतुलित सिर.. जाओ संजू यह तुम्हारा पल है जो लंबे समय से बाकी था।’’ गंभीर लंबे समय से संजू को टीम में शामिल करने की वकालत कर रहे हैं। संजू लंबे समय से टीम के दरवाजे पर दस्तक दे रहे थे।
संजू ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक जमा कर चयनकर्ताओं को चयन के लिए विवश कर दिया। सैमसन ने भारत के लिये एकमात्र टी20 मैच जुलाई 2015 में खेला था जब दूसरे दर्जे की टीम ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था । वह उस समय 19 साल के थे। उसके बाद से उन्हें अनुशासन कारणों से केरल टीम से भी निकाल दिया गया। संजू ने अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की और विजय हजारे ट्राफी में नाबाद 212 रन बनाये थे।