Local & National News in Hindi

महाराष्ट्र: कुर्सी को लेकर खींचतान के बीच आज राज्यपाल से मिलेंगे BJP नेता

0 43

मुंबई: महाराष्ट्र की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को खत्म हो रहा है और नई सरकार के गठन को लेकर गतिरोध जारी रहने के बीच भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यिारी से मुलाकात करेगा। राज्य में 21 अक्तूबर को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। लेकिन नई सरकार में मुख्यमंत्री पद और विभागों के बंटवारे को लेकर भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगी शिवसेना के बीच गतिरोध कायम है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंतीवार ने बुधवार को कहा कि प्रदेश इकाई प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मंजूर एक संदेश के साथ कोश्यिारी से मुलाकात करेगा।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ मुलाकात का ब्यौरा बाद में मीडिया से साझा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने नए प्रदेश प्रमुख का चयन करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। भाजपा नेता ने कहा कि चंद्रकांत पाटिल अगले मंत्रिमंडल में बने रहेंगे। मुनगंतीवार ने कहा कि नए भाजपा प्रदेश प्रमुख का चयन करने की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी की जाएगी।

भाजपा ने एक व्यक्ति एक पद की नीति अपनाई है। पाटिल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। पाटिल ने इस साल जुलाई में प्रदेश भाजपा का प्रभार संभाला था। वह निवर्तमान सरकार में राजस्व मंत्री के पद पर हैं। गौरतलब है कि राज्य में हालिया चुनाव में भाजपा ने 288 सदस्यीय विधानसभा में सबसे अधिक 105 सीटें जीती हैं। वहीं, उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना को 56 सीटों पर जीत मिली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.