गाजियाबाद और नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से गुरुवार को बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बरिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 दिन तक बारिश हो सकती है। इस दौरान कोहरे का असर जरूर कम होगा लेकिन तापमान तेजी से नीचे गिरेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। बुधवार को हल्की धूप खिलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई थी। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में कोहरे का प्रकोप भी बढ़ेगा। हालांकि बारिश होने से प्रदूषण स्तर गिर सकता है।

गोरखपुर में घने कोहरे का असर दिख रहा है। लोगों को कोहरे के कारण भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 8 बजे शहर में विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई। शहर में दिन में धूप निकलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वाराणसी में भी कोहरे का असर लगातार देखा जा रहा है। यहां पर भी लो विजिबिलिटी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। हालांकि शहर में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में वृद्धि की उम्मीद की गई है।