Local & National News in Hindi

Dhanbad BCCL Controversy: नियोजन की मांग को लेकर 9 दिनों से धरना स्थल पर रखा है शव, BCCL प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश

24

धनबाद: कोयलांचल में एक बेहद ही संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला आया है. बीसीसीएल की पीबी एरिया पुटकी कोलियरी में कार्यरत एक कर्मी की मौत के बाद नौवें दिन भी शव धरना स्थल पर रखा है लेकिन नियोजन पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है. अब सवाल ये है कि क्या बीसीसीएल प्रबंधन पूरी तरह संवेदनहीन हो चुका है.

संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला था शव

दरअसल, 59 साल के अर्जन कोड़ा बीसीसीएल की पीबी एरिया, पुटकी कोलियरी में कार्यरत थे. वे 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे लेकिन 28 जनवरी को उनका शव पुटकी कोलियरी के बत्ती घर में संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला. मौत के बाद से ही आश्रित नियोजन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. शव अब भी पीबी एरिया जीएम कार्यालय गेट पर रखा हुआ है. साथ ही परिजन पिछले 9 दिनों से शव के साथ बैठे हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी सुध लेने नहीं पहुंचा है.

बीसीसीएल अधिकारियों पर टालमटोल का आरोप

वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि ‘नौ दिन से शव के साथ बैठे हैं, सौ घंटे से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन बीसीसीएल अधिकारी सिर्फ टालमटोल कर रहे हैं. चुनाव का बहाना बनाकर फैसला नहीं लिया जा रहा है’. आश्रितों की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है. उन पर आरोप है कि बीसीसीएल अधिकारी निकाय चुनाव का हवाला देकर किसी भी निष्कर्ष से बच रहे हैं.

BCCL प्रबंधन और परिजनों की कराई जा रही है वार्ता

वहीं यूनियन नेता रतीलाल टुडू ने कहा कि ‘मामले की जानकारी सरकार को दे दी गई है. अगर अब भी नियोजन नहीं मिला तो झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन करेगा.’ मामले को लेकर प्रशासन भी सक्रिय होने की बात कह रहा है. विधि व्यवस्था डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि ‘बीसीसीएल प्रबंधन और परिजनों के साथ वार्ता कराई जा रही है. शव उठाने और नियोजन संबंधी मांगों पर विचार की कोशिश हो रही है. डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि मामले को लेकर परिजन और बीसीसीएल प्रबंधन की सकारात्मक वार्ता की कोशिश की जा रही है.

निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लगी हुई है, इसलिए नियोजन प्रक्रिया में कठिनाई आ रही है: जीसी साहा, जीएम, पीबी एरिया

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.