Jharkhand Politics: गिरिडीह में बागियों को मनाने में बीजेपी-कांग्रेस नाकाम, दुमका में दो पार्षद निर्विरोध निर्वाचित
गिरिडीह/दुमका/चाईबासा: महापौर चुनाव की रणनीति में झामुमो ने बाजी मार ली है. पार्टी ने मेयर सीट के लिए नामांकन करने वाले चार में से तीन प्रत्याशियों का नाम वापस लेने में सफलता प्राप्त की है. अब इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े कार्यकर्त्ता या नेताओं में सिर्फ एक चेहरा बचा है और वह हैं प्रमिला मेहरा.
प्रमिला को समर्थन देने की घोषणा गुरूवार को ही पार्टी ने कर दी थी. इस घोषणा के साथ ही पार्टी के उन कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास शुरू हो गया है, जिन्होंने नामांकन किया था. इसमें जिला कमेटी को सफलता हाथ लगी है और नामांकन करने वाले पप्पू रजक एवं बृजमोहन तुरी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है.
बीजेपी रही फेल, कामेश्वर समेत तीन ने नहीं लिया नाम वापस
इधर, एक तरफ नामांकन करने वाले पार्टी कार्यकर्त्ताओं को मनाने में जेएमएम सफल रहा है. दूसरी ओर बीजेपी को इस मामले में विफलता का सामना करना पड़ा है. पार्टी द्वारा डॉ. शैलेंद्र चौधरी को समर्थन देने की घोषणा के बावजूद बीजेपी के अनुसूचित जाति प्रदेश मंत्री कामेश्वर पासवान, बीजेपी अजा जिलाध्यक्ष प्रकाश कुमार दास और कार्यसमिति सदस्य नागेश्वर दास ने अपना नाम वापस नहीं लिया है, जबकि इन तीनों को मनाने की कोशिश जिला से लेकर प्रदेश तक के नेताओं ने की थी. कामेश्वर पासवान का कहना है कि वे सालों से जनता की सेवा में जुटे रहे हैं. दूसरी बात है कि यह दलगत चुनाव नहीं हैं, ऐसे में वे पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे रहेंगे.
कांग्रेस को भी निराशा
इसी तरह कांग्रेस भी पार्टी के दो कार्यकर्त्ता सह नेता को मनाने में फेल रही है. पार्टी के जिला प्रवक्ता जोगेश्वर महथा और पंकज सागर ने अपना नाम वापस नहीं लिया है. हालांकि कांग्रेस ने मेयर पद के लिए डॉ. समीर राज चौधरी को समर्थन दिया है. इसकी घोषणा गुरूवार को ही पार्टी जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने की थी.
मेयर चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरी तरह से एकजुट है और एकजुटता दिख भी रही है. जिन साथियों ने नामांकन किया था, वे भी संगठन के हित में नाम वापस ले चुके हैं. पार्टी ने प्रमिला मेहरा को समर्थन दिया है और सभी कार्यकर्त्ता प्रमिला की जीत में पूरी ताकत झोंक देंगे: संजय सिंह, जिलाध्यक्ष, जेएमएम
बीजेपी के समर्थित प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र चौधरी हैं एक एक कार्यकर्त्ता उनकी जीत के लिए लगे रहेंगे. बाकी यह दलगत चुनाव नहीं ऐसे में किसी को चुनाव लड़ने से रोका नहीं जा सकता. वैसे कामेश्वर पासवान, प्रकाश दास एवं नागेश्वर दास को समझाने का प्रयास किया गया था. पार्टी डॉ. शैलेंद्र चौधरी के साथ खड़ी है: रंजीत राय, जिलाध्यक्ष (नगर), बीजेपी
पार्टी ने मेयर पद के लिए डॉ. समीर राज चौधरी को समर्थन देने का फैसला लिया है और कार्यकर्त्ता समीर की जीत के लिए मेहनत करना शुरू कर चुके हैं. इसके अलावा पार्टी से जुड़े जोगेश्वर महथा और पंकज सागर ने भी नामांकन किया था, जिन्हें नाम वापस लेने का आग्रह किया गया था लेकिन दोनों तैयार नहीं हुए. आगे पूरे प्रकरण से प्रदेश समिति को अवगत करा दिया जा रहा है: सतीश केडिया, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
दुमका
दुमका नगर परिषद चुनाव में नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन दाखिल करने वाले प्रमोद जायसवाल ने अपना नाम वापस ले लिया हैं. ऐसे में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं. शनिवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.