Local & National News in Hindi

महाराष्ट्र में बारिश ने बरपाया कहर, डैम टूटने से आई बाढ़ से कई घर तबाह

0 186

महाराष्ट्रः पिछले कुछ दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण मुंबई का हाल बेहाल हो गया है। सड़कों पर पानी जमा है, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल है और कई जगह पर दीवारें गिरने से लोगों की मौत हो गई और महाराष्ट्र के रत्नागिरी में स्थित तवरे डैम के टूट जाने की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, डैम के टूट जाने से नीचे बसे 7 गावों में बाढ़ आ गई है और इस बाढ़ में कई घर तबाह हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी से 22 लोग लापता हो गए हैं, जबकि दो लोगों की जान चली गई है,जिनके शव ढूंढ लिये गए हैं। बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत बचाव दल को मौके पर भेजा और राहत कार्य शुरु कर दिया। इसके साथ ही प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीमों को भी काम पर लगा दिया है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश की वजह से डैम का जलस्तर बढ़ गया था।  बता दें कि महाराष्ट्र में रविवार से मॉनसून की जोरदार बरसात हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक डैम से पानी निकलने की वजह से डैम के पास बने 12 घर पूरी तरह से बह गए। इन्हीं घरों में रहने वाले लोगों के गायब होने का अंदेशा है।

राहत एजेंसियों का कहना है कि डैम के पानी में बहे लोगों के निचले इलाकों में मिलने की आशंका है, लेकिन उन्हें हुए नुकसान के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। जिला प्रशासन, पुलिस और कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाके रविवार से भारी बारिश की चपेट में हैं।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है और 75 लोग घायल हो गए हैं। इनमें मुंबई, ठाणे और पुणे में दीवार गिरने से मरने वालों की संख्या भी शामिल है। प्रदेश सरकार ने एहतियातन मंगलवार को मुंबई में छुट्टी की घोषणा कर दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.