
गोपालगंज।श्रीपुर ओपी क्षेत्र के गिदहाँ गाँव के समीप से गुजर रही उफनाती झरही नदी मे विगत 10 दिन पूर्व शनिवार को नहाने के दौरान डूबे साठ वर्षीय मजदूर किसान गांव के निवासी सत्यदेव सहनी का आज तक नदी में सुराग नहीं लग सका है। जबकि स्थानीय प्रशासन एसडीआरएफ की टीम के साथ ग्रामीणों की सहयोग से 1 सप्ताह तक नदी में सर्चअभियान चलाया। लेकिन सफलता हाथ नहीं लग पाई है। हार थक कर प्रशासन सर्च अभियान बंद कर दिया है। मजदूर किसान को नदी निगल गई,या आसमान खा गया, क्षेत्र के लोगों के बीच यह अनबुझ पहेली बनी हुई है। आखिर सत्यदेव सहनी कहां चला गया, यह आश्चर्य जनक बात हो गयी है। उधर इस घटना से परिजनों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है। उसकी वृद्ध पत्नी कलावती देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। रोते-रोते कहती है कि शादी के समय आजीवन साथ निभाने की वादा कर चुके हमारे पति को नदी निगल गई,या आसमान खा गया, जो अब तक घर नहीं पहुंचे। वहीं बहु सुंदरपति देबी कहती है कि पति शंभू सहनी के बाहर रहने पर परिवार का सारा खर्च मेरे ससुर चलाया करते थे। उनके गायब हो जाने से परिवार में समस्या उत्पन्न हो गई है। वही सीओ श्यामसुंदर राय व ओपी अध्यक्ष नागेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से एक सप्ताह तक नदी में सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन सफलता हाथ नहीं लग पाई है। अंत में सर्च अभियान बंद कर दिया गया है। फिर भी 4 किलोमीटर तक नदी के किनारे बसने वाले गांव के ग्रामीणों को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। पता चलते ही इसकी सूचना पुलिस को अवश्य देंगे।