Local & National News in Hindi

सैलाब में डूबा केरल, बचाव के लिए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से मांगी मदद

0 64

देशभर में हो रही भारी बारिश ने कई राज्यों को पानी- पानी कर दिया है। बात करें केरल की तो बारिश ने केरल को सैलाब में डूबो कर रख दिया है। केरल में आई बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित वायनाड जिला है। यहां से सांसद और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। राहुल ने पीएम मोदी से बाढ़ पीड़ितों के राहत और बचाव के लिए मदद मांगी। इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। मैं पूरे हालात पर बारीकी से नजर रख रहा हूं। केरल के सीएम और सरकारी अधिकारियों से राहत कार्य को लेकर मैंने बात की है।

देश के कई राज्यों में भारी बारिश के बाद बाढ़ से तबाही मची हुई है। केरल से कर्नाटक और मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक कई राज्यों में सैलाब में सबकुछ डूब चला है, जहां एनडीआरएफ राहत और बचाव कार्यों में लगी है। इसके अलावा महाराष्ट्र में नौसेना तो केरल-कर्नाटक में सेना और वायुसेना को बचाव कार्यों में लगाया गया है। इस समय उत्तर से दक्षिण तक बाढ़ में केरल सबसे ज्यादा तबाही झेल रहा है। राज्य में मौत का आंकड़ा 14 तक जा पहुंचा है। केरल और कर्नाटक में बाढ़ जानलेवा हो गई है। बाढ़ के कारण कोच्चि एयरपोर्ट रविवार तक बंद कर दिया गया है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा का बड़ा हिस्सा सैलाब के चलते पानी-पानी हो गया है। कर्नाटक के बेलगाम में तीन हेलिकॉप्टर रेस्क्यू मिशन में जुटे हैं।

केरल के ईडुकी, वायनाड, कोडिकोड, मल्लापुरम जिले में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में अगले दो दिन तक भारी बारिश का अनुमान है। बाकी कई राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। एनडीआरएफ की टीमें बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने में जुटी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Please Pay your remaining balance to remove this banner !
इस बैनर को हटाने के लिए कृपया अपनी शेष राशि का भुगतान करें !