Local & National News in Hindi

‘मोदी सरकार ने जीता लोगों का भरोसा’

0 66

नई दिल्ली: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार के प्रति लोगों में विश्वास काफी बढ़ा है। विभिन्न क्षेत्र में कार्यरत प्रोफेशनल लोगों जिनमें विशेषतौर पर जम्मू-कश्मीर के लोग भी शामिल हैं, भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ की बिसात पर राजनीति करने वालों को दिल्ली की जनता इस बार उचित जवाब देगी और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी।

भाजपा के सदस्यता पर्व के दौरान तिवारी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से बड़ी संख्या में आए इंजीनियर, डाक्टर, अधिवक्ता, विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, बैंकों के अधिकारी, मल्टीनेशनल कंपनियों के सीईओ, मानवाधिकार के लिए काम करने वाले लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। इससे साबित होता है कि धारा 370 के कारण किस प्रकार से लोग परेशान थे। इसका दमन करने में आज तक किसी भी पार्टी या विचारधारा ने इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रवादी विचारधारा से यह ऐतिहासिक कार्य कर दिखाया है।

उन्होंने कहा कि धारा 370 के खत्म होने से लोगों में खुशी के इस वातावरण में कुछ ऐसे दल के सीनियर लोग भी हैं जो यह चाह रहे है कि कश्मीर से किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना की कोई खबर आए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से देश के करोड़ों लोगों का विश्वास भाजपा में और अधिक बढ़ा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.