Local & National News in Hindi

बीच चुनाव नागरिकता संशोधन विधेयक बना चुनावी मुद्दा, रक्षा मंत्री राजनाथ ने मांगा जनता का साथ

0 43

झरिया/मधुपर। झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दूसरे चरण के मतदान के बाद भाजपा ने नागरिकता संशोधन विधेयक को भी चुनावी मुद्दा बना दिया है। इस मुद्दे को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनाव प्रचार के दाैरान रविवार को जनता के बीच उछाल दिया। उन्होंने झरिया और मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक- 2019 देश की मजबूत रक्षा रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। उन्होंने जनता का मूड भांपने, माहाैल बनाने और समर्थन हासिल करने के लिए सवाल दागा-क्या भारत के पड़ोस में सताए जा रहे हिंदुओं को नागरिकता दी जानी चाहिए ? भीड़ ने जोर से हां में जवाब दिया।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को चुनावी दाैरे पर झरिया पहुंचे। वे मधुपुर में भाजपा प्रत्याशी राज पालीवार के समर्थन में जनसभा करने के बाद हेलीकॉप्टर से झरिया के जियलगोरा स्टेडियम में उतरे। रक्षा मंत्री का भाजपा नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।

झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दाैरान जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा घमासान छिड़ा हुआ है उनमें एक झरिया विधानसभा क्षेत्र भी है। यहां बहुचर्चित ‘सिंह मैंशन’ घराने की दो बहुएं आमने-सामने हैं। भाजपा के टिकट पर झरिया के विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह चुनाव लड़ रही हैं तो उन्हें कांग्रेस के टिकट पर पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह चुनाैती दे रही हैं। रिश्ते में दोनों जेठानी और देवरानी लगती हैं। रागिनी सिंह की जीत के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को करीब एक बजे झरिया के जियलगोरा स्टेडियम में भाजपा की जनसभा को संबोधित करेंगे। सभास्थल पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया है।

झरिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधानसभा चुनाव-2005 से ही कब्जा है। 2005 और 2009 के चुनाव में बहुचर्चित सूरजदेव सिंह की पत्नी कुंती देवी भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत चुकी हैं। जबकि 2014 के चुनाव में कुंती सिंह के पुत्र संजीव सिंह भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। अबकी भाजपा ने संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.