Local & National News in Hindi

कभी विजय शेखर से 20 करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में हुई थी गिरफ्तार, अब फिर ज्वाइन की Paytm

0 38

पेटीएम की पूर्व कार्यकारी सोनिया धवन ने फिर से पेटीएम (Paytm) समूह में ज्वाइन कर ली है. वह कंपनी की गेमिंग इकाई गेमपाइंड एंटरटेनमेंट में काम करेंगी. सोनिया धवन पर कंपनी का डाटा चोरी करने और संस्‍थापक विजय शेखर शर्मा (Vjiay Shekhar Sharma) से 20 करोड़ रुपए फ‍िरौती मांगने का आरोप है. इस आरोप की वजह से सोनिया 5 महीने जेल में बिता चुकी हैं. गेमपाइंड, पेटीएम की मातृ कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस और एजीटेक होल्डिंग्स लिमिटेड का जॉइंट वेंचर है. गेमपाइंड में आने से पहले धवन पेटीएम के निवेश वाले शीरोज में कारपोरेट संवाद की निदेशक रह चुकी हैं. आइए आपको बताते हैं इस मामले के बारे में सब कुछ…

विजय के भाई ने की थी सोनिया की शिकायत
पेटीएम के कम्‍यूनिकेशन और पब्लिक रिलेशन विभाग की पूर्व उपाध्‍यक्ष सोनिया धवन को इसी महीने इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली है. धवन को 22 अक्‍टूबर, 2018 में पेटीएम के वरिष्‍ठ उपाध्‍यक्ष और विजय एवं विवेक शेखर शर्मा के भाई अजय शेखर शर्मा की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था. उन पर आरोप था कि उन्‍होंने अपने पति रूपक जैन और पेटीएम के अन्‍य कर्मचारियों के साथ मिलकर डेटा चुराया और इसके बदले अजय शर्मा से 20 करोड़ रुपए की फ‍िरौती मांगी.

सोनिया के पास नवंबर 2017 में कंपनी के 1400 शेयर थे
सोनिया कंपनी की ओर से देश-विदेश में आयोजित बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करती थीं. कंपनी की कई महत्वपूर्ण पोजिशंस उनके पास थीं. पेटीएम कंपनी की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड द्वारा भरी गईं जानकारियों के अनुसार, सोनिया के पास नवंबर 2017 में कंपनी के 1400 शेयर थे. इसकी मौजूदा कीमत 3.2 करोड़ रुपए है. वो पेटीएम से सालाना 85 लाख रुपए कमाती थीं.

हर महीने हो रहा है 330 करोड़ रुपये का घाटा 

पेटीएम (Paytm) को रोजाना करीब 11 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले फाइनेंशियल ईयर में पेटीएम का घाटा 165 फीसदी बढ़ गया है. यह 1,490 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,959.6 करोड़ रुपये हो गया है. हालांकि कंपनी की आमदनी में लगातार इजाफा हो रहा है. अंग्रेजी के बिजनेस अखबार इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, बीते फाइनेंशियल ईयर यानी 2018-19 में कंपनी की आमदनी 3,319 करोड़ रही है, जबकि वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान 3,229 करोड़ रुपये थी.

PayTm के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले 2 साल से हम देश में डिजिटल पेमेंट्स इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सालाना 1 अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं. अगले 2 साल के दौरान हम 3 अरब डॉलर का निवेश करेंगे. इंडिया डिजिटल पेमेंट्स के इन्फ्लेक्शन पॉइंट पर है और पेटीएम का पूरा फोकस मर्चेंट पेमेंट की समस्याएं सुलझाने और उन्हें वित्तीय सेवाएं मुहैया करवाने पर है. इस दिशा में हम अगले 2 साल में 20,000 करोड़ रुपये निवेश करेंगे.

सोनिया का क्या कहना है?
सोनिया धवन का कहना है कि उनके खिलाफ साजिश हुई है, जो विजय शेखर ने रची है. उधर पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वह पिछले दो माह से कंपनी के फाउंडर को ब्लैकमेल कर रही थीं. उनकी नाराजगी की वजह थी कि कंपनी ने चार करोड़ रुपए लोन देने के उनके अनुरोध को ठुकरा दिया था. सोनिया के पास कंपनी के अंदर की जानकारियां हैं कि कंपनी पिछले कुछ सालों में कैसे आगे बढ़ी. उन्हें चुप रहने के लिए दो बार भुगतान भी हुआ. लेकिन सोनिया का फेसबुक और ट्विटर पेज देखकर लगता है कि इस पूरी कहानी में कई और बातें भी हैं, जो अभी सामने आनी हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.