रीवा : रीवा में घरेलू विवाद के चलते युवक ने अपने माता-पिता पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली लगने से दोनों लोग घायल हो गए। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। एम्बुलेंस की मदद से उनको तत्काल इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद मौके से फरार हो चुके जवान को पुलिस ने घेराबंदी कर बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया है।
खून के रिश्तों को कलंकित करने वाली यह घटना लौर थाने के पिड़रिया गांव की है। पुत्र अम्बिका प्रसाद पाण्डेय पिता जागेश्वर के साथ मंगलवार को विवाद कर रहा था। जमीन के विवाद को लेकर पहले भी वो कई बार अपने पिता के साथ विवाद कर चुका है। आरोपी सेना में जवान था लेकिन कई सालों पहले नौकरी छोड़कर भाग आया था और रीवा में रह रहा था। आये दिन पिता के साथ जमीन को लेकर विवाद करता था। दरअसल आरोपी के पिता ने अपने जमीन को कुछ हिस्सा अपने छोटे भाई को दे दिया था जिससे आरोपी नाराज था।
मंगलवार को काफी देर तक उनके बीच बहस चलती रही बाद में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर फायर कर दिया। इस दौरान गोली के छर्रे पिता सहित मां शीला पाण्डेय को भी लगे जिसमें वे भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आस पास के लोग जब घर पहुंचे तो दम्पत्ति खून से लथपथ हालत में पड़े थे। इस दौरान उनका पुत्र गाली-गलौज कर रहा था। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी जिस पर एम्बुलेंस की मदद से उनको इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर दोनों का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया । मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में घेराबंदी की और घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया।