भोपाल। देश सहित मध्य प्रदेश में आनलाइन व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही इसके दुरुपयोग होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। भिंड के गोहद थाना क्षेत्र में आनलाइन माध्यम से गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। गोहद चौराहा पुलिस और साइबर की टीम ने 20 किलोग्राम गांजे के साथ दो व्यक्तियों को पकड़ा है। यह गांजा बाबू टैक्स कंपनी ने मंगाया था, जो अमेजन पर सेलर के तौर पर पंजीकृत है। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। इसमें किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मध्य प्रदेश में आनलाइन व्यापार को लेकर गाइड लाइन बनाई जाएगी। अमेजन कंपनी के अधिकारी यदि जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और ऐसा ही रहा तो फिर उन्हें पकड़कर लाएंगे।
हबीबगंज थाने का नाम बदलने पर विचार
गृहमंत्री ने कहा कि हबीबगंज थाने का नाम परिवर्तन करने को लेकर प्रस्ताव आया है। इस पर विचार किया जा रहा है। मालूम हो कि हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा पार्टी छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पलायन की स्थिति है। मध्य प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति होगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वस्थ रहें और सबके सवास्थ्य की कामना करें।
हास्य कलाकार वीर दास के प्रदेश में कार्यक्रम न होने दें
हास्य कलाकार वीर दास द्वारा भारत के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि इस तरह के लोगों के मध्य प्रदेश में कार्यक्रम ही न होने दें। जब तक वे खेद व्यक्त नहीं करते हैं, यहां उनके कार्यक्रम नहीं होंगे। इसके बाद ही कुछ विचार करेंगे। देश में कुछ इस तरह के विदूषक लोग हैं जो भारत को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। इनका समर्थन कपिल सिब्बल सहित अन्य कांग्रेस के लोगों ने किया है। राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करते हैं। कमल नाथ तो महान भारत को बदनाम देश कहते हैं।