Local & National News in Hindi

भारतीय टेस्ट के पूर्व ऑलराउंडर क्रिकेटर राकेश शुक्ला का निधन

0 40

नई दिल्ली। दिल्ली क्रिकेट केऑलराउंडर और भारत के लिए एक टेस्ट मैच खेलने वाले राकेश शुक्ला का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद 71 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले एक साल से बीमार थे और करीब एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली के वसंत कुंज में स्थित एक अस्पताल में भर्ती थे। शुक्ला के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। उनके निधन की पुष्टि उनके भतीजे सौरभ शुक्ला ने की।

पूर्व भारतीय विकेटकीपर और शुक्ला के साथ कई वर्षों तक दिल्ली के लिए क्रिकेट खेलने वाले सुरिंदर खन्ना ने शुक्ला के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “वह बेहद शानदार इंसान थे। वह बहुत अच्छे टीम साथी और हमेशा सकारात्मक रहने वाले इंसान थे। कई वर्षों तक दिल्ली के लिए साथ खेलने के बाद हमने साथ में सेल (एसएआइएल) के लिए जॉब भी किया। मेरे जेहन में उनकी कई यादें हैं। बल्लेबाजी में हम दोनों एक-दूसरे के बाद आते थे। जब भी टीम को जरूरत पड़ी तो उन्होंने उसके मुताबिक प्रदर्शन किया। वह हमेशा कुछ खास करते करते थे। यह उनकी खास विशेषता थी। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे

दायें हाथ के निचले क्रम के बल्लेबाज और लेग ब्रेक गुगली गेंदबाज शुक्ला का जन्म चार फरवरी 1948 में उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था, लेकिन उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट दिल्ली के लिए खेला। वह कुछ समय के लिए बंगाल के लिए भी खेले। उन्होंने 121 प्रथम श्रेणी मैचों में 31.91 की औसत से 3798 रन बनाए, जिसमें छह शतक और 17 अर्धशतक शामिल थे। उन्होंने 24.53 की औसत से 295 विकेट भी झटके। उन्होंने पारी में पांच विकेट सात बार और मैच में 10 विकेट एक बार लिया।

शुक्ला को अपने जीवन का एकमात्र टेस्ट सुनील गावस्कर की कप्तानी में सितंबर 1982 में चेन्नई में श्रीलंका के खिलाफ खेलने को मिला था। इस मैच की पहली पारी में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने दो विकेट झटके थे। हालांकि, उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। यह टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। घरेलू क्रिकेट में शुक्ला ने गेंद और बल्ले दोनों से कई बार शानदार प्रदर्शन किया था। मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के शुक्ला अपने बड़े भाई आनंद शुक्ला से काफी प्रभावित थे जो खुद भी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेले थे। शुक्ला का अंतिम संस्कार रविवार को गुरुग्राम में होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Please Pay your remaining balance to remove this banner !
इस बैनर को हटाने के लिए कृपया अपनी शेष राशि का भुगतान करें !