
नाथनगर (भागलपुर)। बीती देर रात इलाके के रत्तीपुर बैरिया पंचायत अंतर्गत दिलदारपुर बिंद टोली में नदी नहीं पार कराने पर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना रविवार की मध्याह्न रात की बताई जा रही है। घायल युवक को जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने युवक के बयान पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिलदारपुर बिंद टोली निवासी पूर्व वार्ड सदस्य संगीता देवी का 26 वर्षीय पुत्र बबलू महतो विश्वविद्यालय घाट पर नदी किनारे नाव पर ही सोया हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि रात 10 बजे सुभाष महतो खरीक थाना क्षेत्र के बहतरा स्थित बिंद टोली निवासी संजय महतो और एक अन्य साथी के साथ विश्वविद्यालय घाट पहुंचा। इस दौरान संजय महतो और सहित दो अन्य व्यक्ति नाव पर सवार होकर खुद से नदी पार कर दिलदारपुर घाट गए, जबकि सुभाष महतो विश्वविद्यालय घाट पर ही रुका हुआ था। रात्रि सवा 12 बजे वे लोग पुन: विश्वविद्यालय घाट लौट गए और फिर हमें नाव से वापस दिलदारपुर घाट चलने को कहा।
देर रात और नींद आने के वजह से जब मना किया और कहा माफ करें। आपलोग डेंगी लेकर खुद चले जाइए तो संजय भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मेरे मुंह में सटा कर गोली मार दी। घटना के बाद पास में मौजूद एक लड़का मेरे साथ था, जिसने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग दौड़े। इससे पहले तीनों भाग चुके थे। भागने के क्रम में संजय का एक झोला भी विश्वविद्यालय घाट पर ही गिर गया। नाथनगर इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन ने बताया कि विश्वविद्यालय के पीछे एक युवक को बदमाशों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया है। जिसका इलाज जेएलएनएमसीएच में चल रहा है। घायल का फर्द बयान दर्ज कर बहुत जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पूर्व वार्ड सदस्य ने कहा-पुरानी रंजिश में बेटे को मारी गोली
घायल बबलू महतो की मां व पूर्व वार्ड सदस्य संगीता कुमारी ने बताया कि विश्वविद्यालय घाट के समीप एक निजी कालेज में सुभाष यादव कार्यरत है। उसके साथ पूर्व से ही विवाद चल रहा है। 10-12 दिन पूर्व मवेशी का चारा लेकर आ रही मेरे नतनी से भी उसने गाली-गलौज किया था। इससे पहले भी उसने मेरे पुत्र पर हसुआ से वार कर घायल कर दिया था। मेरा बेटा बबलू नाव पर ही सोता था। इसी बीच सुभाष अपने साथियों ने साथ पहुंचा और रात करीब सवा 12 बजे मेरे बेटे को गोली मार दी। नाथनगर पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।