
हितेश वर्मा।
स्थानीय थाने के गेनाडाबर गांव के समीप एनएच 101 के किनारे सोमवार की सुबह मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रहे 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृत व्यक्ति महम्मदपुर थाने के कबीरपुर गांव का प्रभुनाथ प्रसाद था। घटना के संबंध में बताया गया कि प्रभुनाथ प्रसाद सब्जी का कारोबार करता था। सुबह सीमावर्ती सिवान जिले के लखनऊरा बाजार स्थित सब्जी मंडी से वह सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गेनाडाबर काली मंदिर के समीप पहुंचा असंतुलित होकर गिर पड़ा। हृदय गति रुकने के कारण तत्काल उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृत व्यक्ति के शरीर पर जख्म के कोई निशान नहीं थे। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए तुरंत पहल शुरू कर दी। इसी बीच पता चला कि मृत व्यक्ति कबीरपुर गांव का निवासी है। परिजनों को पुलिस ने घटना की जानकारी दी। उसके बाद मृतक के भतीजा रणधीर कुमार परिजनों के साथ वहां पहुंचकर शव की पहचान की। परिजनों ने पुलिस के समक्ष पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा इनकार करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।