
भोपाल। विधानसभा के पूर्व सामयिक अध्यक्ष व हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेसियों को लेकर एक विवादित बयान दिया है। शर्मा ने रातीबड़ क्षेत्र के कलखेड़ा गांव में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का आदमी इधर आए तो उसके घुटने तोड़ दो। दलालों को नो एंट्री। दलाली नहीं करने देंगे, तभी नगर सुरक्षित रहेगा। दिग्विजय सिंह आए, कुछ करके गए क्या? शर्मा के इस बयान पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट करके कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा किस प्रकार लोगों को भड़का रहे हैं, ये कैसी है इनकी भाषा…? पहले सिंधी समाज के बारे में, फिर राजपूत समाज के बारे में और अब कांग्रेस के बारे में। कितना अहंकार, सत्ता का कितना नशा…? इस बारे में विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि दो दिन पुराना वीडियो वायरल हुआ है। कांग्रेसियों को अधूरा वीडियो सुनने की आदत है। पूरा वीडियो सुनना चाहिए। सरकारी जमीन बेचने का मामला है। सरकारी जमीन गरीबों को बेची। ऐसे अतिक्रमणकारियों का कांग्रेस के बड़े नेता समर्थन करते हैं।
यह था मामला कलखेड़ा गांव की 25 एकड़ सरकारी जमीन को गांव के ही सरपंच मेहरुन्निशा, उनके पति इसरार अहमद और सचिव रवि शर्मा ने भू-माफियाओं से मिलीभगत कर छोटे छोटे प्लाट काट कर बेच दिए थे। उन्होंने दानपत्र और 50 रुपये के शपथ पत्र के माध्यम से बेशकीमती जमीन को 200 से अधिक लोगों को बीते साढ़े तीन वर्षों में बेचा। कुछ दिनों पहले जिला प्रशासन व नगर निगम ने कार्रवाई करके जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई थी।

छह भू-माफियाओं चंदर पाटीदार निवासी-बरखेड़ा नाथू, मेहरुन्निशा (सरपंच) निवासी-ग्राम कलखेड़ा, इसरार खान (सरपंच पति), तुलाराम, राजू जांगड़े और सुरजीत सिंह नागौत्रा निवासी ग्राम कलखेड़ा के खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई थी। कार्रवाई पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई थी। इसी को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में कांग्रेसियों पर विवादित टिप्पणी कर दी।